नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
ठूठीबारी में पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, 1,064 नशीले कैप्सूल और बाइक बरामद
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से 1,064 नशीले कैप्सूल बरामद किए। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्पलेंडर मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में ठूठीबारी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने बरामद नशीले कैप्सूल और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR