कुत्ते को बचाने में बेकाबू हुआ ऑटो, पलटने से चालक समेत तीन घायल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा परसौनी स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ऑटो से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ऑटो सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया। चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। दुर्घटना के बाद पेट्रोल पंप के सामने कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर: रंजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR