एचआईवी प्रभावित व्यक्तियों की गोपनीयता और अधिकारों की रक्षा प्राथमिकता: सीएमओ
राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यशाला आयोजित
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (UPSACS) और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PHFI) के सहयोग से जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स तथा यौन संचारित संक्रमणों के प्रति संवेदनशील बनाते हुए जांच, परामर्श, उपचार और सेवाओं से जोड़ने की व्यवस्था को मजबूत करना था।
मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश ने कहा कि एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के अनुरूप एचआईवी प्रभावित व्यक्तियों की गोपनीयता, गरिमा और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एचआईवी से संबंधित सेवाएं संवेदनशीलता और सम्मान के साथ उपलब्ध कराई जाएं तथा भेदभाव और सामाजिक कलंक को समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं।
सीएमओ ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्क्रीनिंग, परामर्श तथा एआरटी सेवाओं से मरीजों को जोड़ने की व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान, उचित परामर्श, उपचार और नियमित फॉलोअप से एचआईवी संक्रमण के प्रभाव को कम करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के निर्धारित 95-95-99 लक्ष्य की दिशा में सभी संबंधित विभागों और स्वास्थ्यकर्मियों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही EVTHS व्यवस्था को प्रभावी बनाने और एचआईवी/एड्स से जुड़े सामाजिक भेदभाव एवं कलंक को दूर करने को प्राथमिकता बताया।
सीएमओ ने प्रतिभागियों से अपील की कि एचआईवी से संबंधित मामलों में गोपनीयता, संवेदनशीलता और मानवाधिकारों का विशेष ध्यान रखते हुए जरूरतमंद लोगों को जांच, परामर्श और उपचार की सेवाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य संबंधित प्रतिभागी मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम की विभिन्न पहलुओं, सेवाओं और स्वास्थ्य संस्थानों की भूमिका को लेकर प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की गई।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR