घूघली में गांजे के कथित कारोबार पर सवाल, बसंतपुर में नशेड़ियों की भीड़ जुटने का आरोप

घूघली में गांजे के कथित कारोबार पर सवाल, बसंतपुर में नशेड़ियों की भीड़ जुटने का आरोप

युवाओं में बढ़ती नशे की लत से परिवार परेशान, चोरी-मारपीट और सड़क हादसों का खतरा बढ़ने की शिकायत

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

घूघली (महराजगंज)। घूघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर में गांजे के कथित अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त का सिलसिला खुलेआम चल रहा है और गांजा खरीदने वालों की भीड़ जुटती है। इसके बावजूद इस गतिविधि पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में स्थानीय पुलिस की निगरानी और कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, नशे का बढ़ता चलन खासकर युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। नशे की लत से कई परिवारों का घरेलू माहौल प्रभावित हो रहा है। आरोप है कि नशे के आदी कुछ युवक अपनी लत पूरी करने के लिए घरों से अनाज और जेवर तक चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर परिवार के सदस्यों से विवाद और मारपीट की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

नशे में तेज रफ्तार बाइक, राहगीरों की जान पर खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि नशे का असर अब केवल घरों तक सीमित नहीं है। नशे की हालत में कुछ युवक सड़कों पर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हैं, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ जाती है। लोगों ने क्षेत्र में सड़क हादसों की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

आपसी विवाद और मारपीट की घटनाओं से बढ़ रही चिंता

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नशे के कारण युवकों के बीच आपसी विवाद और मारपीट की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। कुछ मामलों में स्थिति गंभीर रूप लेने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों का सवाल है कि यदि क्षेत्र में नशे की बिक्री और उससे जुड़े विवादों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं तो पुलिस की ओर से नियमित निगरानी और ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है?

एसपी के प्रयासों के बावजूद स्थानीय स्तर पर कार्रवाई पर सवाल

एक ओर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी जिले में अपराध नियंत्रण के लिए प्रयासरत हैं, वहीं दूसरी ओर घूघली क्षेत्र से लगातार सामने आ रही शिकायतें स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो इसका खामियाजा आने वाली पीढ़ी को भुगतना पड़ सकता है।

थानाध्यक्ष ने जांच कर कार्रवाई का दिया भरोसा

इस संबंध में घूघली थानाध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां हो रही हैं तो तत्काल जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना यह है कि पुलिस का यह आश्वासन धरातल पर कार्रवाई में बदलता है या मामला केवल जांच तक ही सीमित रह जाता है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से बसंतपुर सहित पूरे घूघली क्षेत्र में मादक पदार्थों की कथित बिक्री पर रोक लगाने, इसमें संलिप्त लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर युवाओं को नशे के जाल से बचाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की गुहार लगाई है।



रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ