डीएम ने पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड जारी करने के दिए निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आपूर्ति विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित सीमा तक राशन कार्ड से आच्छादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए राशन कार्ड के लंबित आवेदनों की शीघ्र जांच कर पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में नए राशन कार्ड के 6,509 आवेदन अभी लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इन आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को राशन कार्ड की सुविधा से वंचित न रहने देने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल यूनिट के सापेक्ष 94.58 प्रतिशत यूनिट की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष लाभार्थियों की ई-केवाईसी भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। इसके साथ ही सितंबर माह में जारी किए गए करीब 1,800 नए राशन कार्डों की ई-केवाईसी इसी माह पूरी कराने के निर्देश दिए।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि सितंबर माह में 185 राशन दुकानों की जांच की गई। इस दौरान 2,843 राशन कार्डधारकों से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई, जिनमें 2,731 कार्डधारकों ने वितरण व्यवस्था पर संतोष जताया। जिलाधिकारी ने राशन दुकानों की जांच की कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
रिक्त राशन दुकानों की समीक्षा में पाया गया कि अगस्त माह या उससे पहले से सात दुकानें अभी भी रिक्त हैं, जबकि सितंबर माह में पांच अन्य दुकानें भी रिक्त हो गई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को शीघ्र खुली बैठक आयोजित कर नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा में यह भी सामने आया कि जिले में दो राशन दुकानें निलंबित हैं, जबकि तीन दुकानों के विक्रेता चिकित्सा अवकाश पर हैं। इन दुकानों का लंबे समय से संबद्धीकरण जारी रहने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अक्टूबर माह तक संबद्धीकरण समाप्त नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: पवन कुमार पांडे
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR