दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर सीएम योगी सख्त, सड़क पर नहीं स्थापित होंगी दुर्गा प्रतिमाएं
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
गोरखपुर। नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित करने की अनुमति नहीं दी जाए। पूजा समितियों से संवाद स्थापित कर प्रतिमा स्थापना के लिए निर्धारित स्थानों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शहर की व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और आयोजन स्थलों पर जरूरी इंतजाम समय से पूरे कर लें।
पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर रहेगी विशेष नजर
सीएम योगी ने अधिकारियों को प्रमुख सड़कों, पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कहीं भी गंदगी न रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े। संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पहले से प्रभावी योजना तैयार की जाए।
यातायात बाधित हुआ तो बढ़ सकती है परेशानी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा और दशहरा के आयोजन इस तरह किए जाएं कि आम लोगों का आवागमन बाधित न हो। सड़क पर प्रतिमा स्थापित होने से यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर वैकल्पिक स्थानों पर व्यवस्था की जाए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जरूरत के अनुसार यातायात प्रबंधन की योजना तैयार रखें और आयोजन के दौरान लगातार निगरानी करें।
दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से त्योहारों की तैयारियों को लेकर गंभीरता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ नियंत्रण और यातायात से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR