एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन

एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की जिला शाखा कुशीनगर के तत्वावधान में मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन समेत अपनी मांगों को लेकर शासन से कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सैकड़ों संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।


संघ के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि प्रदेश में एनएचएम के लगभग एक लाख संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। कोविड काल में भी कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने नियमितीकरण को संगठन की प्रमुख मांग बताते हुए कहा कि जब तक नियमितीकरण नहीं होता, तब तक समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाना चाहिए।


जिला महामंत्री राजू यादव ने नियमितीकरण और समान वेतन के साथ छह सूत्रीय तात्कालिक मांगों को पूरा करने की मांग रखी। इनमें कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए कम से कम 10 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ और एचआरए का लाभ, रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण नीति बहाल करना, अनुकंपा नियुक्ति नीति बनाना तथा आउटसोर्स एमसीटीएस, आईडीएसपी और कोविड कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करना शामिल है। उन्होंने नियमित भर्तियों में एनएचएम कर्मचारियों को 25 प्रतिशत आरक्षण देने की भी मांग की।


मंडल अध्यक्ष गोरखपुर चंद्रशेखर यादव लड्डू और वेद प्रकाश तिवारी ने कहा कि संगठन 24 सितंबर से सरकार की सकारात्मक कार्रवाई का इंतजार करेगा। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर 2026 तक मांगों पर निर्णय नहीं होने पर 5, 6 और 7 अक्टूबर को काला फीता बांधकर विरोध जताया जाएगा। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर कार्य बहिष्कार का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मांगें पूरी नहीं होने पर 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई।


ज्ञापन कार्यक्रम में डॉ. मधुसूदन मिश्रा, डॉ. वेदप्रकाश, मुस्ताक अहमद, वीरेंद्र शर्मा, रामाशीष यादव, निशांत मिश्रा, कमल पांडेय, खुर्शीद आलम, प्रियंका, सीमा मौर्य और कात्यायनी चतुर्वेदी सहित जिला अस्पताल एवं विभिन्न ब्लॉकों के संविदा और आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ