2047 के विकसित भारत की बागडोर आज के छात्रों के हाथों में होगी : मनीष जायसवाल
शिक्षा आर्थिक-सामाजिक विकास के साथ राष्ट्र के प्रति समर्पित योग्य नागरिकों का भी करती है निर्माण : एनपी कुशवाहा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा छात्र-छात्राओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की धनराशि अंतरित किए जाने के कार्यक्रम का पडरौना स्थित भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज में लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर समारोह आयोजित कर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और विद्यालय कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 के विकसित भारत की बागडोर संभालेंगे। विद्यार्थियों के सपनों, प्रतिभा और क्षमता को सही दिशा देने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने का अवसर दे रही है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से पूरी निष्ठा और लगन के साथ अध्ययन करने तथा देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक एनपी कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा केवल आर्थिक और सामाजिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पित और योग्य नागरिकों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में विद्यालय, शिक्षक और अभिभावकों की अहम भूमिका होती है। छात्रवृत्ति विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देने के साथ उनका मनोबल बढ़ाने का भी माध्यम है।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विद्यार्थियों में प्रमाण पत्र प्राप्त करने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। वक्ताओं ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखना है।
कार्यक्रम का स्वागत प्रशासनिक अधिकारी शत्रुघ्न जायसवाल एवं विशाल शुक्ला ने किया। इस दौरान अतिथियों का शॉल, बुके और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। संचालन विद्यालय के प्रवक्ता आरके भट्ट एवं इब्राहिम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह में जिला समाज कल्याण अधिकारी रामाशंकर यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरत लाल गोंड, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पडरौना के प्रधानाचार्य रामस्वरूप गुप्त, विद्यालय के प्रवक्ता उमाकांत गुप्त, अशोक कुमार पांडेय, अंकुर मिश्रा, वेद प्रकाश दुबे, प्रमोद कुशवाहा, कन्हैया कुशवाहा, डीएन राव, आंचल, संध्या विश्वकर्मा, सौम्या जायसवाल, सीमा शुक्ला, माधवी द्विवेदी, वीरेंद्र दुबे, मंटू अली, संदीप कुशवाहा, सच्चिदानंद कुशवाहा, राजू कुशवाहा, सुभाष यादव, सोनू तिवारी, घनश्याम मोदनवाल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्टर: अजय त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR