चौकी में केक काटने का वीडियो वायरल, एसपी ने की सख्त कार्रवाई
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार पुलिस चौकी परिसर में जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में चौकी परिसर के अंदर एक युवक का जन्मदिन मनाते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान पुलिसकर्मी और एक दरोगा भी मौके पर मौजूद नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद चौकी परिसर में निजी आयोजन और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठने लगे। मामला पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी निचलौल को सौंपी गई।
जांच में प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही सामने आने पर एसपी ने सख्त कार्रवाई की। अड्डा बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश यादव समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक विकास कुमार गौड़, कांस्टेबल प्रभार गौड़, कांस्टेबल अभिमन्यु खरवार, कांस्टेबल रामकृत यादव और कांस्टेबल प्रशांत कुमार शामिल हैं।
रिपोर्टर: सतीश श्रीवास्तव
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR