आकाशीय बिजली का कहर, भरभराकर ढह गया खपरैल का मकान
पीड़ित ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के दरौली गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से कैलाश सिंह पुत्र स्व. झीनकू सिंह का आवासीय खपरैल मकान भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि रविवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरी। इसके प्रभाव से मकान का खपरैल हिस्सा अचानक ढह गया और देखते ही देखते परिवार का आशियाना मलबे में तब्दील हो गया। मकान गिरने से घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
पीड़ित कैलाश सिंह ने बताया कि मकान के ध्वस्त होने से उन्हें काफी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने तथा आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्टर:सतीश श्रीवास्तव
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR