आकाशीय बिजली गिरने से मस्जिद का मीनार टूटा, घर के बिजली बोर्ड हुए नष्ट

आकाशीय बिजली गिरने से मस्जिद का मीनार टूटा, घर के बिजली बोर्ड हुए नष्ट

थाली में भोजन कर रही थीं हामिद की मां, बिजली गिरते ही दूर जा गिरी थाली; बाल-बाल बची जान

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के दरौली गांव में रविवार शाम करीब चार बजे आकाशीय बिजली गिरने से जोरदार धमाका हुआ। बिजली गिरने से मस्जिद का मीनार क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पास स्थित हामिद पुत्र स्व. मूर्तजा के घर की विद्युत वायरिंग और बोर्ड जलकर नष्ट हो गए। घटना के समय हामिद की मां घर के अंदर बैठकर भोजन कर रही थीं। बिजली गिरने के झटके से उनके हाथ से भोजन की थाली छिटककर दूर जा गिरी। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गईं।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार शाम अचानक मौसम बदला और तेज गड़गड़ाहट के बीच मस्जिद परिसर पर आकाशीय बिजली गिर गई। तेज धमाके के साथ मीनार फट गया। इसके प्रभाव से हामिद के घर के अंदर लगे बिजली के तार और बोर्ड उखड़कर क्षतिग्रस्त हो गए तथा कई उपकरण जल गए।

वहीं, मस्जिद के पास लोहे के पोल पर लगी हाईमास्ट लाइट भी बिजली की चपेट में आने से टूट गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के ग्रामीण सहम गए और अपने घरों से बाहर निकल आए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मस्जिद के मीनार और घर की विद्युत व्यवस्था को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



रिपोर्टर:रंजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ