बारिश के पानी के छींटे को लेकर विवाद, घायल युवक ने मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के लोहेपार गांव में बारिश के पानी का छींटा पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल सोनू यादव की शुक्रवार शाम गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया, वहीं गांव में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान पानी का छींटा पड़ने को लेकर प्रदीप और प्रेम यादव के परिवार के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे सिसवा बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया। शुक्रवार शाम उपचार के दौरान सोनू की मौत हो गई।
घटना को लेकर दोनों पक्षों ने कोठीभार पुलिस को तहरीर दी थी। प्रदीप पक्ष ने मुकेश यादव पर शराब के नशे में गाली-गलौज करने और विरोध करने पर परिजनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। वहीं प्रेम यादव पक्ष ने बारिश के पानी का छींटा पड़ने को लेकर प्रदीप व उसके परिवार पर मारपीट करने का आरोप लगाया, जिसमें सोनू गंभीर रूप से घायल हुआ था।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकेश, रामकरन समेत अन्य तथा दूसरे पक्ष के राम आशीष, प्रदीप, गुलशन और लालू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। सोनू की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: सतीश श्रीवास्तव
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR