रेनो काइगर से भिड़ी अर्टिगा, सड़क पर पलटी कार; छह घायल

रेनो काइगर से भिड़ी अर्टिगा, सड़क पर पलटी कार; छह घायल

नेपाल घूमने जा रहे थे छह लोग, नौतनवा बाईपास पर पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। नौतनवा कस्बे के बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 12:40 बजे आगे चल रही रेनो काइगर कार से अर्टिगा की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अर्टिगा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में अर्टिगा सवार छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के अमरढोभा निवासी मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद ताल्हा, मोहम्मद हसन, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद अब्दुल्ला और मोहम्मद इलियास अर्टिगा कार संख्या यूपी 51 एडब्ल्यू 9001 से नेपाल घूमने जा रहे थे।

बताया गया कि मंगलवार दोपहर अर्टिगा नौतनवा बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची। इसी दौरान आगे चल रही रेनो काइगर कार से उसकी टक्कर हो गई। काइगर कार बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र राव की बताई जा रही है। टक्कर के बाद अर्टिगा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर नौतनवा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पलटी कार में फंसे सभी छह घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।

पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। हादसे के चलते कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ