खेत में गिरी आकाशीय बिजली, शिक्षामित्र की दर्दनाक मौत
तेज बारिश के बीच हुआ हादसा, प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शोक की लहर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मानिकतलाव टोला धनहिया के पास सोमवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय शिक्षामित्र पंचम यादव की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना से गांव और प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार पंचम यादव सोमवार शाम गांव से सटे सब्जी के खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली उनके ऊपर जा गिरी। इसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पंचम यादव का शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पंचम यादव प्राथमिक विद्यालय मानिकतलाव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर विद्यालय पहुंचते ही शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार पंचम यादव सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के थे। उनके निधन से गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR