जिसे मृत समझकर पांच साल पहले किया अंतिम संस्कार, वही महिला जिंदा लौटी घर
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। जिले में सामने आया एक मामला पांच साल पुराने घटनाक्रम को फिर चर्चा में ले आया है। वर्ष 2021 में जिस महिला के शव की पहचान परिजनों ने अपनी बहन इसरावती के रूप में की थी और उसका अंतिम संस्कार कर दिया था, वही इसरावती पांच साल बाद जीवित अपने घर लौट आई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वर्ष 2021 की कार्रवाई और वर्तमान घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट की है।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2021 में कोल्हुई थाना क्षेत्र के लबदहा गांव के दक्षिण-पूर्व स्थित खेत में करीब 42 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला का शव मिला था। उस समय शव की तत्काल पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया तथा पहचान के लिए समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया।
पुलिस के अनुसार अगले दिन नौतनवा क्षेत्र की गमला देवी अपने बेटे और भाभी के साथ थाने पहुंचीं और शव की पहचान अपनी बहन इसरावती पुत्री स्वर्गीय चिनक साहनी, निवासी बरगदही, थाना सोनौली के रूप में की। परिजनों ने चेहरे, कपड़ों और चप्पलों के आधार पर शव की पहचान की थी। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया और त्रिमुहानी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सेप्टीसीमिया और शॉक बताया गया था। पुलिस के अनुसार शव करीब पांच से सात दिन पुराना था। उपलब्ध पंचायतनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी आपराधिक कृत्य, रंजिश या साजिश के साक्ष्य नहीं मिले थे।
इधर, जिस इसरावती को परिवार मृत मान चुका था, वह जीवित थी और भटकते-भटकते कोलकाता पहुंच गई। सोशल मीडिया के माध्यम से मामला सामने आने के बाद एक संस्था की मदद से उसकी पहचान और परिवार से संपर्क की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इसके बाद इसरावती को उसके परिजनों से मिलाया गया और उसके जीवित होने की पुष्टि हुई।
पांच साल पहले हुई शव की पहचान अब पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल बन गई है। पुलिस ने वर्ष 2021 में की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड सामने रखते हुए बताया है कि उस समय परिजनों द्वारा चेहरे, कपड़ों और चप्पलों के आधार पर शव की पहचान की गई थी। घटना ने शवों की पहचान की प्रक्रिया में अतिरिक्त सतर्कता और वैज्ञानिक पहचान की जरूरत को भी सामने ला दिया है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR