आयुष्मान कार्ड से जुड़ेंगे 37 हजार से अधिक निर्माण श्रमिक

आयुष्मान कार्ड से जुड़ेंगे 37 हजार से अधिक निर्माण श्रमिक

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जिले में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत 37,117 निर्माण श्रमिकों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने का अभियान चल रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत सहायकों और कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से श्रमिकों का पंजीयन कराया जा रहा है। शनिवार को 21 श्रमिकों का पंजीयन किया गया।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार ने जीरो पॉवर्टी के तहत चिन्हित लाभार्थियों से अपील की कि वे निकटतम सहज जन सेवा केंद्र, ग्राम पंचायत सहायक, आशा कार्यकर्ता अथवा ग्राम प्रधान से संपर्क कर आयुष्मान भारत कार्ड बनवाएं।

उन्होंने बताया कि राजमिस्त्री, मजदूर, पेंटर, इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर और वेल्डर सहित निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक, जिन्होंने अभी तक बोर्ड में पंजीयन नहीं कराया है, ग्राम पंचायत सहायक या सीएससी के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। पंजीकृत श्रमिकों को अटल आवासीय विद्यालय, मातृत्व-शिशु एवं बालिका मदद, कन्या विवाह सहायता, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन सहायता जैसी योजनाओं का लाभ मिल सकता है।


पंजीयन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पिछले एक वर्ष में कम से कम 90 दिन निर्माण श्रमिक के रूप में कार्य करने का नियोजन प्रमाण पत्र अथवा स्वघोषणा पत्र आवश्यक है। एक वर्ष का पंजीयन एवं अंशदान शुल्क 40 रुपये, दो वर्ष का 60 रुपये और तीन वर्ष का 80 रुपये निर्धारित है। आधार से लिंक मोबाइल नंबर भी जरूरी है।

अधिक जानकारी के लिए सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, विकास भवन परिसर, देवरिया में संपर्क किया जा सकता है।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ