पांचों तहसीलों में लगा छात्रवृत्ति कैंप, 450 छात्र-छात्राओं ने दर्ज कराई समस्याएं
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले की पांचों तहसीलों में शुक्रवार को संयुक्त रूप से छात्रवृत्ति कैंप आयोजित किए गए। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण विकास एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से लगाए गए कैंप में छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति आवेदन संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया।
भाटपाररानी के बीआरडी कृषक इंटर कॉलेज में 70 छात्र-छात्राएं पहुंचे, जिनमें 10 समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। रुद्रपुर के सत्तासी इंटर कॉलेज में 55 छात्र पहुंचे, जिनमें 10 का समाधान हुआ और 35 नवीनीकरण आवेदन अग्रसारित कराए गए।
बरहज के श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज में 35 छात्र-छात्राएं पहुंचे। इनमें 10 समस्याओं का समाधान किया गया और 15 नवीनीकरण आवेदन अग्रसारित हुए। सलेमपुर के बापू इंटर कॉलेज में 50 छात्र पहुंचे, जिनमें 10 समस्याओं का समाधान तथा 20 नवीनीकरण आवेदन अग्रसारित कराए गए।
सदर तहसील के राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया में सबसे अधिक 240 छात्र-छात्राएं पहुंचे। इनमें 50 की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों में छात्रों की सूची संबंधित लेखपालों को देकर प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए।
कक्षा 10 और 12 के लंबित नवीनीकरण आवेदनों का डाटा भी संस्था स्तर से अग्रसारित कराया गया। संस्थानों को पिछले वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में 20 प्रतिशत अधिक आवेदन कराने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों को बैंक खाते का एनपीसीआई कराने और खाता अद्यतन रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
पांचों तहसीलों में कुल 450 छात्र-छात्राएं कैंप में पहुंचे। इनमें 82 की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया, जबकि 268 छात्रों का डाटा शिक्षण संस्थानों के स्तर से अग्रसारित कराया गया। प्रमाण पत्र से संबंधित शेष मामलों की सूची भी संबंधित लेखपालों को उपलब्ध करा दी गई है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR