आकाशीय बिजली गिरने से कई घरों के बिजली उपकरण जले, एक मकान में लगी आग
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। घुघली क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बेलवा टिकर, बसंतपुर समेत आसपास के गांवों में कई घरों के बिजली उपकरण जल गए। बेलवा टिकर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से राम समुद्र जायसवाल के मकान में आग लग गई। वहीं बसंतपुर निवासी सत्यम श्रीवास्तव के घर का पंखा और टीवी खराब हो गया, जबकि कई बल्ब फ्यूज हो गए। गनीमत रही कि घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, तेज बारिश के बीच अचानक जोरदार गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बेलवा टिकर में बिजली गिरने से राम समुद्र जायसवाल के मकान की वायरिंग जल गई और इसके बाद घर में आग लग गई। टीवी, पंखा, कूलर समेत कई घरेलू उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए। आग और धुआं उठता देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया।
इसी दौरान बसंतपुर समेत आसपास के गांवों में भी आकाशीय बिजली के प्रभाव से बिजली उपकरणों के जलने की सूचना मिली। सत्यम श्रीवास्तव के घर में तेज धमाके के साथ पंखा जल गया और चल रहा टीवी खराब हो गया। कई बल्ब भी फ्यूज हो गए। घटना के समय घर में मौजूद लोग तेज आवाज और रोशनी से सहम गए।
लगातार गरज-चमक और कई बार आकाशीय बिजली गिरने की आवाज से क्षेत्र में काफी देर तक दहशत का माहौल रहा। ग्रामीण बारिश थमने तक घरों में ही रहे। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
रिपोर्टर:ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR