विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर राजकीय बौद्ध संग्रहालय में छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित

विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले नागरिकों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं राजकीय बौद्ध संग्रहालय, कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभाजन की त्रासदी के दौरान प्राण गंवाने वाले लाखों नागरिकों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


कार्यक्रम में सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे, विधायक हाटा मोहन वर्मा, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय तथा पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव एवं संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. लोक रतन शुक्ला ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

प्रदर्शनी में देश के विभाजन के समय की परिस्थितियों, विस्थापन, जनसामान्य की पीड़ा तथा उस दौर की घटनाओं से संबंधित ऐतिहासिक छायाचित्र प्रदर्शित किए गए। उपस्थित अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ ही राजकीय बौद्ध संग्रहालय में प्रदर्शित ऐतिहासिक चित्रों एवं कलाकृतियों को भी देखा।


इस अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कार्यक्रम में उपस्थित एनसीसी कैडेट्स से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कैडेट्स से आत्मीयता से बातचीत की और उनके साथ छायाचित्र लेकर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस देश के विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई अमानवीय पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष और अपनों को खोने के दर्द को स्मरण करने का अवसर है। यह दिवस देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारे को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. लोक रतन शुक्ला ने कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इतिहास की इन त्रासद घटनाओं को स्मरण करना भावी पीढ़ियों को शांति, सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता का महत्व समझाने के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कसया विवेक मिश्र, तहसीलदार कसया धर्मवीर सिंह, खंड विकास अधिकारी अंकिता पाल, सहायक पंचायत अधिकारी नीरज चतुर्वेदी सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी, संग्रहालय परिवार से तेज प्रताप शुक्ला, तरुण शुक्ला, धीरेंद्र मिश्रा एवं दिनेश दुबे तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सभी जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ