स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चला विशेष अभियान

स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध चला विशेष अभियान

कुशीनगर में सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, करीब 50 किलो दूषित बूंदी के लड्डू नष्ट कराए गए

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। आगामी स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, कुशीनगर प्रदीप कुमार राय के निर्देशन में 13 एवं 14 अगस्त 2026 को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल सात नमूने लिए गए। इनमें चीनीयुक्त खोया, लड्डू एवं बूंदी के लड्डू सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


अभियान के दौरान करीब 50 किलोग्राम दूषित बूंदी के लड्डू, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग पांच हजार रुपये बताया गया, को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट करा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री के दौरान स्वच्छता, साफ-सफाई, सुरक्षित रख-रखाव तथा खाद्य रंगों का निर्धारित एवं सुरक्षित मात्रा में प्रयोग करने के संबंध में आवश्यक जानकारी और निर्देश दिए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम बुझावन चौहान, कन्हैया लाल वर्मा, विजय कुमार यादव, धर्मराज शुक्ल एवं रंजनी मौर्या सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।



रिपोर्टर:ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ