अज्ञात कारणों से लगी आग में शिक्षामित्र का घर जलकर राख

अज्ञात कारणों से लगी आग में शिक्षामित्र का घर जलकर राख
जेवर, नगदी, अनाज समेत शैक्षिक योग्यता और नौकरी से संबंधित जरूरी कागजात जले

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

तमकुहीराज। बरवापट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चौबेया पटखौली में रविवार की देर शाम अज्ञात कारणों से लगी आग में गांव निवासी शिक्षामित्र अशोक राय का फूस और कैटरन का रिहायशी घर जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की तत्परता और अग्निशमन दल की मदद से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, घर में रखा गृहस्थी का सामान, बर्तन, अनाज, जेवर, कपड़े, नगदी, शैक्षिक योग्यता और नौकरी से संबंधित जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए।

जानकारी के अनुसार, गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत अशोक राय के घर में रविवार की देर शाम अचानक आग लग गई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलने पर अग्निशमन दल के जवान मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तेज लपटों की चपेट में आने से आसपास की तीन अन्य झोपड़ियां भी जलकर राख हो गईं। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से बचने के प्रयास में परिवार के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलने पर निवर्तमान प्रधान प्रतिनिधि नंदलाल भारती, हल्का लेखपाल नन्हे राय, संजीव राय समेत कई समाजसेवी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए प्रशासन से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ