एचआरपी गर्भवती महिलाओं की समय से पहचान जरूरी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशन में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से आकांक्षात्मक विकासखंड गौरीबाजार के ब्लॉक सभागार में मंगलवार को स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कर्मियों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी स्वाति ने की।प्रशिक्षण में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षकों ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के प्रभावी आयोजन, उच्च जोखिम वाली (एचआरपी) गर्भवती महिलाओं की समय से पहचान एवं नियमित फॉलोअप तथा ट्रिपल ए बैठक की रूपरेखा एवं महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान सहयोगी संस्था यूपीटीएसयू के जिला प्रतिनिधि सतीश कुमार सिंह ने कहा कि जमीनी स्तर पर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय से पहचान और नियमित अनुश्रवण के माध्यम से ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। इस कार्य में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित देखभाल, समूह बैठकों, संपूर्ण टीकाकरण, परिवार नियोजन के साधनों के प्रचार-प्रसार तथा पुरुष एवं महिला नसबंदी को बढ़ावा देने के संबंध में जानकारी दी। इसके अलावा कुपोषण के प्रति लोगों को जागरूक करने, अनुपूरक पोषाहार तथा स्तनपान के महत्व के बारे में भी बताया गया।
उन्होंने कहा कि सीएचओ एवं एएनएम उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करें तथा उन्हें संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने के लिए आवश्यक परामर्श दें। एचआरपी महिलाओं को समय से उचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशिक्षण में डॉ. मनोज कुमार जैन, बाल विकास परियोजना अधिकारी कौशल सिंह, राधेश्याम यादव, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर शैलेंद्र कुमार ओझा, एआरओ संदीप कुमार उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR