भाटपाररानी में कल्याणकारी शिविर, लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति प्रमाण पत्र
विभिन्न योजनाओं के तहत 45 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर कल्याण सेक्टर के अंतर्गत जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, प्रोबेशन और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से जनपद की सभी तहसीलों में ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ की भावना के साथ कल्याणकारी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र भी वितरित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में तहसील भाटपाररानी के सभागार में कल्याणकारी शिविर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मण प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और उप जिलाधिकारी भाटपाररानी ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
शादी अनुदान योजना के तहत 20 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और छात्रवृत्ति योजना के तहत 10 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से पांच दिव्यांग लाभार्थियों को कान की मशीन और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इसी तरह जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना के तहत पांच छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र तथा समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजना के तीन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
वितरण के बाद ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, पिछड़े, जरूरतमंद और बेसहारा लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR