मीटर रीडिंग और बिजली बिल में गड़बड़ी के आरोप, उपभोक्ताओं में आक्रोश

घुघली विद्युत उपकेंद्र पर एसडीओ और जेई के खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग

टाइम्स ऑफ कुशीनगर संवाददाता
घुघली, महाराजगंज। विकासखंड घुघली क्षेत्र में बिजली बिलों में कथित अनियमितताओं को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के कई लोगों ने आरोप लगाया है कि वास्तविक खपत की तुलना में कई गुना अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं और लगातार विद्युत विभाग के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि मीटर रीडिंग होने से पहले ही मोबाइल पर बिल संबंधी संदेश आ जाते हैं और कई मामलों में बिल अपेक्षा से काफी अधिक पहुंच रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बिल संशोधन के लिए उपभोक्ताओं को एसडीओ और जेई कार्यालयों के बीच बार-बार भेजा जाता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाता।

कुछ उपभोक्ताओं ने दावा किया कि सीमित बिजली उपयोग—जैसे एक-दो पंखे और कुछ बल्ब—होने के बावजूद बिल सामान्य से अधिक आ रहा है। बसंतपुर पोखरा टोला निवासी एक महिला उपभोक्ता के मामले का हवाला देते हुए आरोप लगाया गया कि भुगतान के बाद भी अगले महीनों में बिल बढ़कर आया।

क्षेत्रीय उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जिन घरों की बिजली कटी हुई है, वहां भी बिल जारी हो रहे हैं। साथ ही विभागीय कर्मचारियों पर कथित मिलीभगत के आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने जांच की मांग की है।

उपभोक्ता विजय प्रताप सिंह, चंदन, ईश्वर, मनोज, अरुण, बिट्टू, विनय सिंह, सत्यम श्रीवास्तव, आर्यन, चमन, हिमांशु सहित अन्य लोगों ने घुघली विद्युत उपकेंद्र में तैनात अधिकारियों के कार्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जा सकता है।

इस संबंध में पूछे जाने पर संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया कि मीटर रीडिंग सत्यापन के लिए उपभोक्ताओं से मीटर का वीडियो उपलब्ध कराने को कहा जाता है।फिलहाल, उपभोक्ताओं ने विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर बिजली बिल व्यवस्था में सुधार की मांग की है।



रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ