मेगा एग्री क्रेडिट आउटरीच कैंप में 11 करोड़ रुपये के ऋण वितरित

मेगा एग्री क्रेडिट आउटरीच कैंप में 11 करोड़ रुपये के ऋण वितरित

किसानों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और बैंक ग्राहकों को कृषि एवं बैंकिंग योजनाओं की दी गई जानकारी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के देवरिया क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से कृषि प्रशिक्षण केंद्र, बैतालपुर में मेगा एग्री क्रेडिट आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं और बैंक ग्राहक शामिल हुए। इस दौरान कृषि एवं बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपायुक्त एनआरएलएम वीरेंद्र यादव, डीडीएम नाबार्ड एसके शुक्ला, अपर जिला कृषि अधिकारी ए.के. मिश्र और पशु चिकित्सा अधिकारी दिग्विजय यादव ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने कृषि, पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों और अन्य प्रतिभागियों को दी।

बैंक की ओर से अंचल प्रमुख डीके अर्जवानी, क्षेत्रीय प्रमुख जितेंद्र कुमार सिन्हा, देवरिया एवं बलिया के अग्रणी जिला प्रबंधक तथा क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक अमित कुमार सिंह मौजूद रहे।


डीडीएम नाबार्ड एसके शुक्ला ने बैंक के ग्राहक केंद्रित दृष्टिकोण की सराहना की। अपर जिला कृषि अधिकारी ए.के. मिश्र और पशु चिकित्सा अधिकारी दिग्विजय यादव ने कहा कि कृषि आधारित समावेशी अर्थव्यवस्था के माध्यम से वित्तीय समावेशन के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

अंचल प्रमुख डीके अर्जवानी ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में कृषि ऋण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने किसानों को समय से ऋण उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए बैंक की प्रतिबद्धता दोहराई।

क्षेत्रीय प्रमुख जितेंद्र कुमार सिन्हा ने किसानों को विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं, सरकारी योजनाओं, स्वर्ण ऋण और फसल बीमा समेत अन्य बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कृषि योजनाओं के तहत 38 स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं पूरे अभियान के दौरान देवरिया क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं द्वारा कुल 11 करोड़ रुपये की ऋण राशि ग्राहकों के खातों में वितरित की गई। इससे किसानों को कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने और आय में वृद्धि करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।


कार्यक्रम स्थल पर केवाईसी, ऑनलाइन खाता एवं ऋण सुविधा केंद्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, बीमा, यूआरसी तथा ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ सहित विभिन्न सेवाओं के लिए सूचना एवं सहायता डेस्क लगाए गए। यहां ग्राहकों को योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ