30 भूमि विवादों का हुआ निस्तारण

30 भूमि विवादों का हुआ निस्तारण

एसडीएम कसया विवेक मिश्रा ने राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम की थी गठित, कई विवाद दशकों से थे लंबित

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। थाना समाधान दिवस एवं संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने भूमि विवादों से संबंधित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में तेजी दिखाई है। एसडीएम कसया विवेक मिश्रा ने भूमि विवादों के वास्तविक निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित की थी। बीते 25 जुलाई से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित चार समाधान दिवसों में कुल 30 मामलों का निस्तारण किया गया।

25 जुलाई को आयोजित थाना समाधान दिवस में आठ प्रकरण, एक अगस्त के तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में नौ प्रकरण, आठ अगस्त के थाना समाधान दिवस में सात प्रकरण तथा 17 अगस्त के तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में छह प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस तरह चारों आयोजनों में कुल 30 प्रार्थना पत्रों का समाधान हुआ।


तहसील क्षेत्र के कसया, कोटवा, दुर्गवलिया, नदवा विशुनपुर, मठिया नरईपुर, भठई खुर्द समेत कई गांवों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, रास्ते के विवाद सहित राजस्व से जुड़े मामले सामने आए थे। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर इन मामलों का निस्तारण कराया। इनमें करीब आधा दर्जन मामले कई वर्षों से लंबित थे।

एसडीएम कसया विवेक मिश्रा ने बताया कि समाधान दिवसों के माध्यम से राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण कराया जा रहा है। वह स्वयं भी मौके पर पहुंचकर मामलों का समाधान करा रहे हैं, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



रिपोर्टर:के एन राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ