दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

चोरी के आभूषण, 3,390 रुपये नकद और जेवर खरीद की चार पर्चियां बरामद

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। थाना घुघली पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सफेद धातु के आभूषण, 3,390 रुपये नकद और जेवरात की खरीद से संबंधित चार पर्चियां बरामद की हैं। मामले में एक आरोपी अभी वांछित बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को ग्राम बरवा खुर्द में मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना हुई थी। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घुघली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।


बुधवार को सूचना के आधार पर जवाहर लाल इंटर कॉलेज से करीब 300 मीटर आगे नहर रोड के किनारे से मंजेश साहनी (24) पुत्र गोपाल साहनी निवासी बेलवा टिकर, थाना घुघली तथा युसुफ अली (21) पुत्र वकील निवासी करमहा, थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायजेब, दोनों सफेद धातु के आभूषण, आभूषण बेचने के बाद बचे 3,390 रुपये नकद तथा जेवरात की खरीद की चार पर्चियां बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना में राहुल पाण्डेय उर्फ मयंक पाण्डेय पुत्र रविन्द्र पाण्डेय निवासी हरखपुरा टोला सोनबरसा, थाना घुघली अभी वांछित है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सभाजीत सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार यादव, कांस्टेबल जियालाल राजभर, कांस्टेबल रतन जायसवाल और रिजर्व कांस्टेबल विशाल गुप्ता शामिल रहे।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ