किसान दिवस में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने उप कृषि निदेशक को किसानों की सभी शिकायतें दर्ज कराने और संबंधित विभागों से उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। मझवलिया साधन सहकारी समिति में खाद एवं बीज के स्थान पर गोदाम में गिट्टी, बालू एवं सीमेंट रखे जाने की शिकायत पर कार्रवाई न होने पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी समितियां को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में किसानों को किसान पंजीकरण के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि खतौनी में नाम की वर्तनी संबंधी त्रुटि होने पर किसान संबंधित तहसील में संपर्क कर संशोधन करा सकते हैं। इसके बाद किसान पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। किसान रमेश मिश्रा द्वारा भूमि के अंश निर्धारण में त्रुटि की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने उन्हें खतौनी के साथ तहसील में संपर्क करने अथवा कार्यालय में आवेदन देने को कहा।
उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त आठ शिकायतों के अनुपालन की जानकारी दी। माहीगंज साधन सहकारी समिति में खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने की शिकायत पर बताया गया कि समिति का ऋण स्वीकृत नहीं होने के कारण उर्वरक की आपूर्ति नहीं हो सकी। आगामी रबी सीजन तक ऋण स्वीकृत कराकर उर्वरक उपलब्ध कराने की बात कही गई।
घरेलू विद्युत कनेक्शन पर अधिक बिल आने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि स्मार्ट मीटर बदलने की कोई अलग योजना नहीं है। उपभोक्ता की शिकायत पर मीटर की जांच कराई जाएगी और खराबी मिलने पर उसे स्मार्ट मीटर से बदला जाएगा।
उप कृषि निदेशक ने कृषि विभाग की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। अपर जिला कृषि अधिकारी अंबरीश मिश्रा ने बताया कि रबी फसलों के बीजों की अग्रिम बुकिंग शुरू हो गई है। किसान कृषि विभाग की वेबसाइट के माध्यम से बीजों की बुकिंग करा सकते हैं।
अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी विकास सिंह ने धान की फसल में रोग एवं सड़न से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार अनुमोदित कृषि रक्षा रसायनों के प्रयोग की सलाह दी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति के लाभार्थियों के लिए पिछवाड़ा मुर्गीपालन योजना संचालित है। योजना के तहत लाभार्थियों को 50 चूजे, 900 रुपये तथा एक बोरी राशन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने पशुधन बीमा योजना की भी जानकारी दी।
जिला मत्स्य अधिकारी ने मत्स्य पालकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज नाव अनुदान योजना, सघन मत्स्य पालन के लिए वातन प्रणाली की स्थापना, मोती संवर्धन योजना एवं विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य बीज हैचरी जैसी योजनाएं संचालित हैं। इच्छुक मत्स्य पालक पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में उप कृषि निदेशक, जिला मत्स्य अधिकारी, अधिशासी अभियंता नहर, सहायक अभियंता नलकूप, अधिशासी अभियंता विद्युत, अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रभारी भूमि संरक्षण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रभारी जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारी समितियां, प्रबंधक दुग्ध उत्पादक संघ, जिला समन्वयक कृषि बीमा कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। भारतीय किसान यूनियन के राघवेंद्र प्रताप शाही, अतुल मिश्रा, कौशलेश नाथ मिश्र, प्रगतिशील कृषक रमेश मिश्रा, सत्याग्रहण सरोज, सदानंद यादव सहित अन्य किसान भी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR