खेत देखने गए किसान पर जंगली जानवर का हमला, गंभीर घायल

खेत देखने गए किसान पर जंगली जानवर का हमला, गंभीर घायल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज क्षेत्र स्थित कटहरा वन चौकी के अंतर्गत रविवार सुबह खेत देखने गए एक किसान पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। ग्रामीणों का दावा है कि हमला चीते ने किया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि वन विभाग ने नहीं की है। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों के शोर-शराबे के बाद जंगली जानवर जंगल की ओर भाग गया, जिससे किसान की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, कटहरा गांव के रामनगर टोला निवासी संतलाल (50) पुत्र घुरहू रविवार सुबह करीब 10 बजे जंगल से सटे लमुहा क्षेत्र स्थित अपने खेत की देखरेख के लिए गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे जंगली जानवर ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में संतलाल के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।

घायल किसान की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ और शोर-शराबा देखकर जंगली जानवर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल किसान को बाहर निकाला और परिजनों की मदद से निजी वाहन से जिला अस्पताल, महराजगंज पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद कटहरा, रामनगर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे खेतों में काम करने वाले किसान भय के साये में हैं। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, वन्यजीव की लगातार निगरानी करने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

इस संबंध में पकड़ी रेंजर सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। वनकर्मी क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं और घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जंगल के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

नोट: ग्रामीणों ने हमलावर वन्यजीव को चीता बताया है, लेकिन वन विभाग की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।



रिपोर्टर: सतीश कुमार श्रीवास्तव

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ