रेलवे मार्ग बंद किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का धरना, अंडरपास निर्माण की उठाई मांग

रेलवे मार्ग बंद किए जाने के विरोध में ग्रामीणों का धरना, अंडरपास निर्माण की उठाई मांग

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। घुघली विकास खंड के घररुआ खंडेसर गांव में रविवार को ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रेलवे प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि घुघली–महराजगंज–फरेन्दा नई रेल लाइन परियोजना के तहत उनके पारंपरिक एवं धार्मिक आवागमन मार्ग को बंद किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग दो सरकारी विद्यालयों, प्राचीन हनुमान मंदिर तथा छठी मैया के पवित्र पोखरे तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। मार्ग बंद होने से विद्यार्थियों की आवाजाही प्रभावित होगी, वहीं श्रद्धालुओं को भी धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में परेशानी होगी।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), लखनऊ तथा स्थानीय प्रशासन को कई बार ऑनलाइन और लिखित शिकायतें भेजी हैं। इसके बावजूद अब तक अंडरपास अथवा रेलवे क्रॉसिंग जैसी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।

धरने के दौरान ग्रामीणों ने मांग की कि आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग के स्थान पर शीघ्र अंडरपास का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनी रहेगी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ