कांग्रेस प्रवक्ता व सपा नेता के प्रयास से कपरवार सेतु पर दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू

कांग्रेस प्रवक्ता व सपा नेता के प्रयास से कपरवार सेतु पर दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कपरवार, देवरिया।

राप्ती नदी पर स्थित कपरवार सेतु पर शुक्रवार से दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह एवं समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह के प्रयास के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने इसकी अनुमति दी।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा कारणों से कपरवार सेतु पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी। इससे गोरखपुर और देवरिया के बीच आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या की जानकारी मिलने पर कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह और सपा नेता अर्जुन सिंह कपरवार-रामजानकी मार्ग स्थित पुलिस चौकी पहुंचे। वहां से उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर आमजन की समस्याओं से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की।

वार्ता के बाद एनएचएआई अधिकारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया वाहनों के आवागमन की अनुमति दे दी। हालांकि, चारपहिया, भारी एवं अन्य वाहनों के संचालन पर फिलहाल प्रतिबंध जारी रहेगा।

एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि कपरवार सेतु के निर्माण कार्य के लिए तीन कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

इस मौके पर रवि प्रताप सिंह और अर्जुन सिंह ने कहा कि यदि अगले 100 घंटे के भीतर सेतु का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि सेतु बंद होने से प्रतिदिन हजारों यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वैकल्पिक मार्ग की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों का समय और धन दोनों अधिक खर्च हो रहे हैं।

इस दौरान दिवाकर चौरसिया, सुमीत तिवारी, राहुल, विवेक, हरिश्चंद्र, कमलेश, विजली, अखिलेश, पंकज, नीरज वर्मा, अभिषेक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ