अन्तर्जनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार; चोरी के गहने गलाकर बनाई थी सोने की टिकिया

अन्तर्जनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार; चोरी के गहने गलाकर बनाई थी सोने की टिकिया

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। बृजमनगंज थाना पुलिस ने संगठित अन्तर्जनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच महिला समेत कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के आभूषणों को गलाकर बनाई गई करीब 5.57 ग्राम पीली धातु की टिकिया, वारदात में प्रयुक्त ऑटो, चार कीपैड मोबाइल फोन तथा 12,580 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन में की गई कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और गाण्डिव (GANDIVA) पोर्टल की मदद से गिरोह का खुलासा हुआ। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को बृजमनगंज क्षेत्र की एक आभूषण दुकान से सोने के गहने चोरी होने की घटना के बाद नूर मोहम्मद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मुख्य अभियुक्ता मंजू पत्नी विजय बहादुर की पहचान हुई, जो पहले भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुकी है। इसके बाद गिरोह की अन्य महिला सदस्यों और वारदात में प्रयुक्त ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सभी महिलाएं आपस में रिश्तेदार हैं और योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग जनपदों के भीड़भाड़ वाले बाजारों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं। कुछ महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानदार को बातचीत में उलझाती थीं, जबकि अन्य सदस्य मौका पाकर आभूषण चोरी कर लेती थीं। वारदात के बाद सभी अलग-अलग निकल जाती थीं और एक ही रिजर्व ऑटो से यात्रा करती थीं। पहचान छिपाने के लिए चोरी के गहनों को गलाकर टिकिया बना देती थीं तथा कुछ दिनों तक धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा पर निकल जाती थीं।

रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ