मासूम पर मौत का वार! खेलते-खेलते 4 वर्षीय आसिफ को सांप ने डसा, गंभीर हालत में रेफर

मासूम पर मौत का वार! खेलते-खेलते 4 वर्षीय आसिफ को सांप ने डसा, गंभीर हालत में रेफर

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव में खेलते समय चार वर्षीय मासूम को सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में बच्चे को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है।


जानकारी के अनुसार, बरगदही गांव निवासी ऐनुल हक का चार वर्षीय पुत्र आसिफ बुधवार की शाम करीब छह बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक विषैले सांप ने उसके पैर में डस लिया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल लेकर पहुंचे।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। परिजन तत्काल उसे लेकर महराजगंज पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि आसिफ अपने माता-पिता की दो बेटियों के बीच इकलौता पुत्र है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव के लोग भी बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और सर्पदंश की स्थिति में बिना झाड़-फूंक के तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ