जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया बाल गृह (बालक) का निरीक्षण
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जनपद न्यायाधीश धनेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने संयुक्त रूप से बाल गृह (बालक) का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, बच्चों के पठन-पाठन, साफ-सफाई तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की भी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई, खेलकूद गतिविधियों तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा एक जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि बाल गृह में रह रहे बच्चों को सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छे संस्कार एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर बल देते हुए कहा कि इससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने निर्देश दिए कि बाल गृह में निवासरत प्रत्येक बच्चे को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पठन-पाठन, स्वास्थ्य, पोषण, खेलकूद तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
अधिकारियों ने बाल गृह के अधीक्षक एवं कर्मचारियों को बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शासन की सभी योजनाओं का लाभ उन्हें सहजता से मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों से उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली। बच्चों ने बाल गृह में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर जिला जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अर्चना, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, प्रभारी अधीक्षक बाल गृह अशोक कुमार, बाल कल्याण समिति के सदस्यगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR