महराजगंज साइबर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़, बिहार का आरोपी गिरफ्तार
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। महराजगंज साइबर थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी 'सिम बॉक्स' तकनीक के माध्यम से इंटरनेट (वीओआईपी) से आने वाली अंतरराष्ट्रीय कॉलों को स्थानीय मोबाइल कॉल में परिवर्तित कर साइबर ठगी, फर्जी कॉल और ओटीपी फ्रॉड जैसी वारदातों को अंजाम देता था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड हॉटस्पॉट अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी साइबर शशीमोली पाण्डेय एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक मो. रशीद खां के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. नवीश (28) पुत्र मो. शाबिर, निवासी इस्लामपुर, थाना जयनगर, जिला मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फर्जी दस्तावेजों से प्राप्त सक्रिय सिम कार्डों का उपयोग कर 32 स्लॉट वाले सिम बॉक्स का संचालन करता था।
पुलिस के अनुसार, सिम बॉक्स के माध्यम से इंटरनेट (वीओआईपी) से आने वाली अंतरराष्ट्रीय कॉलों को स्थानीय कॉल में बदला जाता था। इसके जरिए साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कॉल और अन्य ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे, जिससे जांच एजेंसियों के लिए कॉल के वास्तविक स्रोत तक पहुंचना कठिन हो जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स, 151 सक्रिय सिम कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक वाई-फाई राउटर, तीन लैन केबल, दो पावर एडॉप्टर, दो फर्जी आधार कार्ड तथा एक बैग बरामद किया।
आरोपी के विरुद्ध महराजगंज साइबर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR