आयुर्वेदिक अस्पताल के स्थानांतरण के विरोध में ग्रामीणों का हस्ताक्षर अभियान स्थानांतरण निरस्त नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से होगा आंदोलन : अर्जुन सिंह
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कपरवार, देवरिया। आयुर्वेदिक चिकित्सालय के स्थानांतरण के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन भेजकर अस्पताल को वर्तमान स्थान पर ही संचालित रखने की मांग की। हस्ताक्षर अभियान का नेतृत्व समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह ने किया।
अभियान के दौरान ग्राम प्रधान नीलू देवी, ग्राम पंचायत सदस्य अशोक यादव, परमिला देवी, फिरोज, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) आफताब आलम, मनीषा देवी, अजय यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर आयुर्वेदिक अस्पताल का स्थानांतरण रोकने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सालय वर्षों से कपरवार और आसपास के गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। अस्पताल के स्थानांतरण से क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और गरीब परिवारों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इस दौरान समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह ने कहा कि जनता की मांग को देखते हुए आयुर्वेदिक अस्पताल का स्थानांतरण तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR