एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य पर विकास भवन में मंथन, सीडीओ ने विभागों को दी प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश

एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य पर विकास भवन में मंथन, सीडीओ ने विभागों को दी प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए गुरुवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जनपद की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने किया।


मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग नवाचार, गुणवत्तापूर्ण कार्य तथा बेहतर समन्वय के माध्यम से विकास की गति को तेज करे, ताकि जनपद आर्थिक प्रगति का मॉडल बन सके।

उन्होंने कृषि, पशुपालन, शिक्षा, उद्योग, बैंकिंग, सहकारिता, खाद्य एवं रसद सहित सभी विभागों को ऐसी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो, किसानों की आय बढ़े, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हों तथा स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित कर गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आधार बनेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त राज्य कर, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त, सचिव मंडी समिति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ