सोहगीबरवा जंगल में महिला का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

सोहगीबरवा जंगल में महिला का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । जनपद के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की दक्षिणी चौक रेंज स्थित नाथनगर बीट के जंगल में गुरुवार को एक महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान चौक थाना क्षेत्र के धरमौली ग्राम सभा के डुमरभार टोला निवासी फूलमती (35) पत्नी इंद्रजीत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, फूलमती गुरुवार सुबह घर से निकली थीं, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटीं। परिवार के लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से घर में पारिवारिक विवाद चल रहा था। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका।

इसी दौरान जंगल की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने नाथनगर बीट के जंगल में एक जामुन के पेड़ से पीले रंग की साड़ी के फंदे के सहारे महिला का शव लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक नमूने संकलित किए। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
चौक पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ