अवैध खनिज परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

अवैध खनिज परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों |
महराजगंज। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में भिटौली थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के खनिज सामग्री ढो रहे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में भिटौली पुलिस ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान ग्राम बसवार नूतन के पास तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली खनिज सामग्री का परिवहन करते हुए पकड़ी गईं।
जांच के दौरान वाहन चालकों से खनिज परिवहन संबंधी वैध परमिट और अन्य आवश्यक अभिलेख मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को सीज कर खनन विभाग को सूचना दे दी।
पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली संख्या यूपी 56 एयू 7839 पर मिट्टी लदी थी, जबकि यूपी 56 बीएच 0164 और यूपी 56 जेड 7395 पर राबिश का परिवहन किया जा रहा था। तीनों वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ