बाल पकड़कर घसीटी गई महिला! जंगल पचरुखिया के वायरल वीडियो ने खाकी को कठघरे में खड़ा किया
हादसा पीछे छूटा, अब सवाल पुलिस के रवैये पर; सोशल मीडिया पर उठी जवाबदेही तय करने की मांग
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
कुबेरस्थान/कुशीनगर। जंगल पचरुखिया में ट्रक हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवालों के साथ सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। वीडियो में पुलिसकर्मी एक महिला को बाल और हाथ पकड़कर खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं। यही दृश्य अब जनचर्चा का केंद्र बन गया है और लोगों के बीच खाकी के व्यवहार को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है।
वायरल वीडियो ने मचा दी हलचल
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश कर रही है, जबकि पुलिसकर्मी उसे खींचते हुए आगे ले जा रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जो इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि आखिर किसी महिला के साथ सार्वजनिक रूप से ऐसा व्यवहार किस अधिकार के तहत किया गया?
क्या कानून देता है ऐसी इजाजत?
मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या किसी महिला को बाल पकड़कर घसीटना पुलिस कार्रवाई का हिस्सा माना जा सकता है? यदि महिला किसी अपराध में वांछित भी हो, तो क्या उसके साथ गरिमापूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है?
कानूनी जानकारों का मानना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को विशेष अधिकार जरूर प्राप्त हैं, लेकिन उन अधिकारों के साथ संवैधानिक मर्यादाएं और मानवाधिकारों की जिम्मेदारियां भी जुड़ी होती हैं।
कैमरा चालू था, इसलिए सामने आया दृश्य
ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी ने यह वीडियो रिकॉर्ड नहीं किया होता तो पूरा मामला सामान्य कार्रवाई बताकर समाप्त कर दिया जाता। लेकिन कैमरे में कैद तस्वीरों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को सार्वजनिक बहस का विषय बना दिया है।
अब लोग यह भी पूछ रहे हैं कि यदि कैमरा न होता तो क्या इस घटना की जानकारी कभी सामने आ पाती?
ग्रामीणों का आरोप: कार्रवाई नहीं, दबाव बनाने की कोशिश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस लगातार गांव में दबिश दे रही थी और लोगों पर दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि वायरल वीडियो ने उन आशंकाओं को और मजबूत कर दिया है जो ग्रामीण पहले से जता रहे थे।
ग्रामीणों का दावा है कि महिला के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार ने पूरे गांव में नाराजगी पैदा कर दी है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
अब पुलिस विभाग के सामने साख बचाने की चुनौती
मामला अब सिर्फ एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रह गया है। यह पुलिस विभाग की छवि, संवेदनशीलता और जवाबदेही से जुड़ा प्रश्न बन चुका है। लोग जानना चाहते हैं कि—
क्या वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है?
क्या मौके पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद थी?
क्या संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच होगी?
यदि वीडियो में दिख रहा व्यवहार अनुचित पाया जाता है तो क्या कार्रवाई होगी?
जंगल पचरुखिया का यह वीडियो अब जिले की सीमाएं पार कर व्यापक चर्चा का विषय बन चुका है। हादसे की जांच अपनी जगह है, लेकिन फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कानून के रखवालों से भी कानून और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन कराने की जवाबदेही तय होगी?
रिपोर्टर: व्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR