नर्स व चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, पुलिस ने संभाला माहौल
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
बरहज, देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहज में प्रसूता की मौत को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पुराना बरहज वार्ड संख्या-9 निवासी सूरज बास्फोर ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी अनीता बास्फोर को प्रसव पीड़ा होने पर 8 जून की शाम सीएचसी बरहज में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि उस समय कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था और नर्स द्वारा प्रसव कराया गया।
सूरज बास्फोर के मुताबिक प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही हुई, जिससे उनकी पत्नी की हालत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल प्रशासन ने महिला को पहले महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया और बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि गोरखपुर पहुंचने के बाद उपचार के दौरान अनीता की मौत हो गई।
बुधवार को महिला का शव लेकर परिजन सीएचसी बरहज पहुंचे और अस्पताल परिसर में प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्थानीय थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कराने की मांग भी की है।
वहीं, सीएचसी प्रभारी डॉ. बी.एन. यादव ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर माहौल को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
रिपोर्टर:पवन कुमार पाण्डेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR