यूरिया की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, खाद भंडार व दो गोदाम सील
जांच में 459 बोरी यूरिया बरामद, किसानों से अधिक मूल्य वसूलने की शिकायत सही मिली
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो
कुशीनगर। किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बेचने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जटहा बाजार (विशुनपुरा) स्थित किसान खाद भंडार तथा उससे संबंधित दो गोदामों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान 459 बोरी यूरिया बरामद की गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच टीम, जिसमें सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता तथा जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह शामिल थे, ने प्रतिष्ठान एवं गोदामों की जांच की। जांच में किसानों को निर्धारित मूल्य से लगभग 300 रुपये अधिक कीमत पर यूरिया बेचे जाने की शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध 459 बोरी यूरिया को अपने कब्जे में लेते हुए संबंधित गोदामों को सील कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार किसानों द्वारा लगातार अधिक मूल्य पर यूरिया बेचे जाने की शिकायत की जा रही थी। खाद की आवश्यकता के चलते किसान मजबूरी में ऊंची कीमत देकर यूरिया खरीदने को विवश थे। शिकायत जिलाधिकारी तक पहुंचने पर मामले की जांच कराई गई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि किसानों से वसूली गई अतिरिक्त धनराशि का क्या होगा तथा कालाबाजारी का यह कथित खेल कब से संचालित हो रहा था। साथ ही जिले के अन्य खाद विक्रेताओं की जांच की मांग भी उठने लगी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा मामले की जांच जारी है।
रिपोर्टर: व्यूरो।
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR