ट्रेलर की जोरदार टक्कर से ई-रिक्शा हादसे का शिकार, एक की मौत, पांच घायल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों |
बरहज (देवरिया)। बरहज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पलिया मोड़ के पास की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कपरवार से कुछ लोग ई-रिक्शा में सवार होकर बरहज बाजार आ रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा पलिया मोड़ के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पलटकर दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना में मईल थाना क्षेत्र के सोनबरसा निवासी आकाश यादव (27 वर्ष) पुत्र रामसकल यादव, बिहार के सिवान निवासी दिलशाद (35 वर्ष) पुत्र मोबीन, बरहज थाना क्षेत्र के तेलिया शुक्ल गांव की पावंती देवी (60 वर्ष) पत्नी प्रभुनाथ, कपरवार निवासी अंजनी मद्धेशिया (24 वर्ष) पुत्री राधेश्याम, तथा विवेक निषाद (40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सूर्यप्रकाश निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहज पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार विवेक निषाद की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजा गया है।
इस हादसे में पैना एकड़ंगा निवासी तेज नारायण पुत्र बसंत की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR