ओवरलोड ट्रक सीज होने पर चालक का हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस की सूझबूझ से टला हादसा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों |
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर के पास ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक ट्रक चालक ने हाईवोल्टेज ड्रामा कर दिया। ओवरलोड ट्रक सीज किए जाने से नाराज चालक ने ट्रक में लगी लोहे की तार से
आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, सोनौली क्षेत्र में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ओवरलोड वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। जांच में वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलता पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार ट्रक को सीज कर दिया गया।
कार्रवाई से नाराज चालक ने अपना आपा खो दिया और सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ट्रक पर चढ़ गया और उसमें लगी लोहे की तार को अपने गले में बांधकर जान देने की धमकी देने लगा। चालक की इस हरकत से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों ने चालक को समझाने का प्रयास किया और काफी देर तक बातचीत कर उसे शांत कराया। पुलिस की सतर्कता और धैर्यपूर्ण प्रयासों के बाद चालक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। वहीं ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। पुलिस की सक्रियता से एक संभावित दुर्घटना टल गई और स्थिति को बिना किसी अप्रिय घटना के नियंत्रित कर लिया गया।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook