लोक कल्याणकारी योजनाओं जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता:अजय कुमार दुबे
भाजपा की बैठक में संगठन मजबूती और अभियान सफल बनाने पर जोर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर सम्वाददाता
भाटपार रानी/बनकटा, देवरिया। भारतीय जनता पार्टी भाटपार रानी मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष विशंभर पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित तथा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
बैठक में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न संगठनात्मक कार्यों एवं अभियानों की समीक्षा की गई। मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ सत्यापन, बूथ पालकों की तैनाती तथा शक्ति केंद्र संयोजक एवं प्रभारियों के गठन जैसे संगठनात्मक कार्य यदि अभी तक पूर्ण नहीं हुए हैं तो उन्हें शीघ्र पूरा कर सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। कार्यकर्ताओं को संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार की पुनः विजय सुनिश्चित करने के लिए सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से एक-एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया गया।पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुशील कुमार शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पार्टी द्वारा 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक "जन कल्याण के 12 वर्ष, जन विश्वास के 12 वर्ष" अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की।
भाजपा नेता डॉ. अरविंद सहाय ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही चुनावी सफलता की आधारशिला होती है तथा इससे जीत का अंतर भी बढ़ता है।बैठक का संचालन मंडल महामंत्री अमित शाही ने किया। इस अवसर पर सुरेश तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, जितेंद्र जायसवाल (जीतू गुप्ता), हृदयानंद गुप्ता, धर्मेंद्र कुशवाहा, सुरेंद्र चौहान, हनुमान जायसवाल, सुरेंद्र तिवारी, माला देवी, सुनीता सिंह, मंटू पटेल, राजेंद्र जायसवाल, सुरेश कुशवाहा, अशोक तिवारी, अभय प्रताप तिवारी, सुरेंद्र पांडेय, अतुल श्रीवास्तव, शिवम गुप्ता, उपेंद्र यादव, दिनेश चौरसिया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्रिजेश मिश्रा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR