कोई बच्चा पोलियो की खुराक से न रहे वंचित : सांसद शशांक मणि

कोई बच्चा पोलियो की खुराक से न रहे वंचित : सांसद शशांक मणि

पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से निकाली गई जागरूकता रैली

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत शनिवार को पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सदर सांसद शशांक मणि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिलाधिकारी आवास, सिविल लाइन रोड,
बस स्टेशन होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाने के लिए जागरूक किया गया। रविवार से जिलेभर में विशेष पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ होगा।

सांसद शशांक मणि ने कहा कि अभियान के तहत जिले में पांच वर्ष तक के 5.68 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे तथा प्रत्येक बच्चे को "दो बूंद जिंदगी की" अवश्य पिलाई जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान की निगरानी के लिए 286 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ सहित सभी स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है।


जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिन्हा ने बताया कि अभियान के पहले दिन रविवार को जिले के 1,759 फिक्स्ड बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए 942 हाउस-टू-हाउस टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। इसके अलावा बस अड्डों, रेलवे स्टेशन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 115 ट्रांजिट टीमें और दूरस्थ क्षेत्रों में 45 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं।

इस अवसर पर डीटीओ राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. कार्तिक पाण्डेय, डॉ. अश्वनी पाण्डेय, डिप्टी डीआईओ डॉ. विपिन रंजन, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि, विश्वनाथ मल्ल, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ वी.एस. चंदेल, जेएसआई से अभिनय कुशवाहा, हेमनारायण पाण्डेय, अरुण शाही सहित आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ