जल संरक्षण सभी की जिम्मेदारी, नहरों से छेड़छाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जल संरक्षण सभी की जिम्मेदारी, नहरों से छेड़छाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

नहरों के पानी के समान वितरण में किसान करें सहयोग : जिलाधिकारी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद के किसानों से नहरों के पानी के न्यायसंगत एवं समान वितरण में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नहरों की अवैध कटिंग, मिट्टी का बांध बनाकर पानी रोकने तथा रेगुलेटर एवं फाटकों से छेड़छाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ लोग नहरों की अवैध कटिंग कर, मिट्टी का बांध बनाकर अथवा रेगुलेटर और फाटकों से छेड़छाड़ कर अनधिकृत रूप से सिंचाई कर रहे हैं। इससे नहर के अंतिम छोर (टेल) तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और अनेक किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र की पुलिस को नियमित गश्त और सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा की कमी और सूखे जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रत्येक किसान तक सिंचाई का पानी समान रूप से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन के साथ किसानों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। सरकार की प्राथमिकता है कि नहरों का पानी बिना किसी बाधा के अंतिम छोर तक पहुंचे और सभी किसानों को सिंचाई का समान लाभ मिल सके।

उन्होंने किसानों एवं आमजन से अपील की कि नहरों को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचाएं तथा अवैध कटिंग, मिट्टी का बांध बनाने या रेगुलेटर एवं फाटकों से छेड़छाड़ जैसी गतिविधियों से दूर रहें। यदि ऐसी घटनाएं सामने आती हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल एक साझा और अमूल्य प्राकृतिक संसाधन है। इसकी प्रत्येक बूंद का संरक्षण आवश्यक है, ताकि उपलब्ध सीमित जल संसाधनों का पारदर्शी, न्यायसंगत एवं प्रभावी वितरण सुनिश्चित किया जा सके और नहरों के अंतिम छोर तक निर्बाध जल प्रवाह बना रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ