बरहज व रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र को ₹456.38 करोड़ की 106 विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बटन दबाकर किया लोकार्पण व शिलान्यास
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरांव में आयोजित एक कार्यक्रम में जनपद देवरिया के बरहज एवं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल ₹456.38 करोड़ की लागत वाली 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।इनमें 25 परियोजनाओं का लोकार्पण ₹64.94 करोड़ तथा 81 परियोजनाओं का शिलान्यास ₹391.44 करोड़ की लागत से किया गया।
बरहज विधानसभा क्षेत्र में 10 परियोजनाओं (₹28.88 करोड़) का लोकार्पण एवं 23 परियोजनाओं (₹302.55 करोड़) का शिलान्यास किया गया। इस प्रकार बरहज क्षेत्र को कुल 33 परियोजनाओं के रूप में ₹331.43 करोड़ की सौगात मिली।
वहीं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में 15 परियोजनाओं (₹36.06 करोड़) का लोकार्पण तथा 58 परियोजनाओं (₹88.89 करोड़) का शिलान्यास किया गया। कुल 73 परियोजनाओं पर ₹124.95 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
देवरिया की विरासत और विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देवरिया महर्षि देवराहा बाबा की तपोस्थली तथा बाबा राघवदास की कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि यह जनपद आध्यात्मिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली भूमि है तथा आज जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।उन्होंने कहा कि पहले एक पुल और सड़क के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब प्रदेश में सड़क संपर्क तेजी से मजबूत किया जा रहा है, जिससे विकास गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
विकास और कानून व्यवस्था पर सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, जल संसाधन और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि निवेश के माध्यम से लाखों युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। कृषि क्षेत्र में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और खाद्यान्न उत्पादन में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है।
पारदर्शी भर्ती और बेहतर कनेक्टिविटी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराई गई है। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क प्रदेश के विकास का आधार बन रहा है।उन्होंने बताया कि सोनूघाट से बरहज तक फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए ₹172 करोड़ की परियोजना का भी शिलान्यास किया गया है।
बरहज को जलमार्ग से जोड़ने की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरहज ऐतिहासिक व्यापारिक केंद्र रहा है। इसे भविष्य में सड़क मार्ग के साथ जलमार्ग से भी जोड़ा जाएगा, जिससे स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिल सकेगी। उन्होंने राप्ती और घाघरा नदियों से जुड़े बाढ़ सुरक्षा कार्यों को भी प्राथमिकता देने की बात कही।जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 6.18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। सरकार प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आवास, आयुष्मान कार्ड, बिजली और पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की कि गांव में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे तथा सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। साथ ही बच्चों को विद्यालय भेजने और बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की भी अपील की।
विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह, कृषि, शिक्षा, आईसीडीएस, दिव्यांगजन एवं पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बाल विकास परियोजना के तहत दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के 10 लाभार्थियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वरासत प्रमाण-पत्र, खतौनी, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के तहत ऋण स्वीकृति पत्र, पीएम सूर्यघर योजना के स्वीकृति पत्र तथा फार्मर रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र वितरित किए।
जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में केंद्रीय ग्राम्य विकास राज्यमंत्री एवं बांसगांव सांसद कमलेश पासवान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR