महराजगंज में अकीदत के साथ निकला मुहर्रम का ताजिया जुलूस, कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को घुघली विकासखंड के बसंतपुर, रामपुर बलडीहा, मटकोपा, पोखरभिंडा सहित विभिन्न गांवों में पूरी अकीदत, अनुशासन और गमगीन माहौल के बीच ताजिया जुलूस निकाला गया। सुबह से ही इमामबाड़ों पर अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। आकर्षक ढंग से सजाए गए ताजियों को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला तक ले जाया गया।जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ अन्य समुदाय के लोगों ने भी हिस्सा लिया, जिससे क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। मार्ग में जगह-जगह ताजियों का स्वागत किया गया तथा अकीदतमंदों के लिए शरबत और पेयजल की व्यवस्था की गई।
इस दौरान युवाओं ने पारंपरिक लाठी, तलवारबाजी और अन्य पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे जुलूस के दौरान "या हुसैन" की सदाएं गूंजती रहीं। अकीदतमंदों ने कर्बला के शहीद हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।मुहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
जुलूस के समापन पर सभी ताजियों को निर्धारित कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस अवसर पर अकीदतमंदों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। पूरे क्षेत्र में मुहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और पारंपरिक श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR