मेले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी सनसनीखेज वारदात
युवती ने प्रेमी की दुपट्टे से गला कसकर हत्या की, पुलिस ने किया गिरफ्तार
टाइम्स आँफ महराजगंज ब्यूरों
हाटा, कुशीनगर। स्थानीय नगर पालिका क्षेत्र के मुख्य बाजार में लगे डिज़नी लैंड मेले में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहाँ एक युवती द्वारा अपने कथित प्रेमी की दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से फरार हो रही आरोपी युवती को भोर करीब 3 बजे दोराची पुल के पास संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली ले आई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी युवती के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात पहले मेले के दौरान हुई थी, जिसके बाद संबंध बढ़ते चले गए। इसी दौरान मृतक द्वारा युवती के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो अपने पास रखकर उसे ब्लैकमेल किए जाने की बात सामने आ रही है।
बीती रात दोनों मेले में मिले और साथ में भोजन करने के बाद विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान फोटो व वीडियो डिलीट करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। आरोप है कि नशे की हालत में पड़े मृतक पर युवती ने अपने दुपट्टे से गला कस दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी युवती से पूछताछ की जा रही है। युवती ने पूछताछ में अपना नाम आरती अहिरवार पुत्री हल्की राम बताया है।प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



रिपोर्टर: ब्यूरों

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें: